नोएडा। फिटनेस से पहले ऑटो पर रिफलेक्टर टेप, उपकरण और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराने के नाम पर कुछ लोग दोगुने से अधिक वसूल रहे हैं। एनसीआर ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की शिकायत भी की है। वहीं, एआरटीओ ने आरोप का नकारते हुए मामले की जांच कराने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
एनसीआर ऑटो यूनियन के अध्यक्ष लाल बाबू ने एआरटीओ प्रशासन के समक्ष एक शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि फिटनेस के लिए कुछ लोग दोगुने से अधिक दाम वसूलते हैं। वाहन में अफसरों द्वारा बताई गई कमी को दूर करने के लिए वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी-कर्मचारियों की सह पर यह खेल चल रहा है। एआरटीओ ने कहा कि विभाग की ओर से किसी को भी सामान लगाने के लिए नियुक्त नहीं किया गया है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा वसूली की जा रही है तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऑटो यूनियन से अपील की कि वह बाहर से ही वाहन का काम कराकर फिटनेस के लिए परिवहन विभाग पहुंचे।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए 30 सितंबर तक छूट
प्रदेश सरकार ने बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों को अब 30 सितंबर तक छूट दे दी। बिना एचएसआरपी वाले वाहन स्वामी भी परिवहन विभाग में काम करा सकेंगे। हालांकि, नंबर प्लेट की बुकिंग रसीद होनी चाहिए। एआरटीओ प्रशासन एके पांडेय ने बताया कि कोरोना की वजह हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट समेत सभी कार्य प्रभावित हो गए थे। इस कारण प्रदेश सरकार ने छूट दी है। 30 सितंबर के बाद वाहनों का चालान किया जाएगा।
चालकों-परिचालकों का टीकाकरण जारी
परिवहन विभाग में मंगलवार को भी ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, टैक्सी चालक और परिचालकों के लिए कोरोना टीकाकरण शिविर लगाया गया। इसमें 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगवाया जा रहा है। मौके पर ही रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है। टीका लगवाने वाले व्यक्ति से केवल आधार कार्ड लिया जा रहा है।