पहले जीएसटी सहित 118 रुपये देने पड़ते थे, अब 500 रुपये चुकाने होंगे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बिजली से जुड़ी सेवाओं के लिए आवेदन करना अब महंगा पड़ेगा। यूपीपीसीएल ने विभिन्न सेवाओं के आवेदन शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। पहले उपभोक्ताओं को 100 रुपये शुल्क देना पड़ता था। इस पर 18 प्रतिशत जीएसटी जुड़ने से कुल 118 रुपये लगते थे। अब इसके लिए सीधे 500 रुपये चुकाने होंगे। शुल्क में अचानक हुई बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
विद्युत निगम में नए बिजली कनेक्शन समेत अन्य सेवाओं के लिए आवेदन शुल्क पहले 100 रुपये था। जीएसटी जोड़ने के बाद यह राशि 118 रुपये होती थी। अब आवेदन शुल्क बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले 382 रुपये अधिक देने होंगे। यानी आवेदन का खर्च चार गुना से भी अधिक हो गया है।
उपभोक्ताओं की परेशानी सिर्फ शुल्क बढ़ने तक सीमित नहीं है। उनका आरोप है कि कई बार आवेदन में छोटी-छोटी कमियां बताकर उसे निरस्त कर दिया जाता है। इसके बाद दोबारा आवेदन करना पड़ता है। हर बार नया शुल्क भी जमा करना पड़ता है। ऐसे में दो या तीन बार आवेदन निरस्त होने पर उपभोक्ताओं को 1000 से 1500 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।