नई दिल्ली। इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित जेईई मेन रविवार को संपन्न हो गई। 75 से 80 फीसदी छात्रों ने जेईई में उपस्थिति दर्ज करवायी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) 11 सितंबर तक इसका परिणाम जारी कर देगी। उसी दिन जेईई मेन की जनवरी और सितंबर में आयोजित दोनों परीक्षाओं में से बेस्ट स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी होगी।
इसी मेरिट लिस्ट में से शीर्ष ढाई लाख छात्र जेईई एडवांस में शामिल हो पाएंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने एक से 6 सितंबर तक देशभर में जेईई का आयोजन किया था। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए विशेष मानकों के तहत 660 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया था। परीक्षा के लिए 8.58 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन किया था।
------
पहले तीन दिन 85 फीसदी तक उपस्थिति
जेईई के पहले तीन दिन तक छात्रों की उपस्थिति 85 फीसदी रही। जबकि आखिरी दो दिन छात्रों की उपस्थिति में गिरावट आई। हालांकि दो-दो शिफ्टों में आयोजित परीक्षा में छात्रों की कुल उपस्थिति 75 से 85 फीसदी तक रही।
-------
नीट के छात्रों को मुफ्त यात्रा करा सकती है मेट्रो
एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए 13 सितंबर को होने वाली नीट की तैयारी शुरू हो गई है। एनटीए ने नीट के लिए राज्यों को दोबारा पत्र लिखा है। सूत्रों के मुताबिक, एनसीआर के केंद्रों पर नीट में हिस्सा लेने वाले छात्रों को दिल्ली मेट्रो मुफ्त सफर का मौका दे सकती है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।