ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में दूषित पानी की सप्लाई होने का निवासियों ने आरोप लगाया है। निवासियों का आरोप है कि दूषित पानी पीने से सोसाइटी के विभिन्न टॉवर में 100 से अधिक लोग अब तक बीमार हो चुके हैं। उन्हें पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत हो रही है। लोगों का आरोप है कि पानी की सप्लाई में गंध आ रही है। इसको लेकर मेंटेनेंस टीम से शिकायत भी की गई है।
अजनारा होम्स सोसायटी की एओए अध्यक्ष चंदन सिन्हा ने बताया कि निवासियों की ओर से बीमार होने की सूचना दी गई है। कई बच्चों को परेशानी हो रही है। जिससे वह स्कूल नहीं गए। इसके साथ ही महिलाएं भी पेट में दर्द और उल्टी से परेशान है। सीनियर सिटीजन को भी काफी परेशानी हो रही है। सोसाइटी के ग्रुप में लोग शिकायत कर रहे हैं।
पीने के पानी का इस्तेमाल करना निवासियों को महंगा पड़ा रहा है। सोसाइटी में रहने वाले दिनकर पांडे ने बताया कि उनके ससुर में पेट दर्द से परेशान है। उन्होंने सोचा कि मौसम के कारण बीमार हो गए होंगे। जब सोसाइटी के कई लोगों ने बीमार होने की बात की तब पता चला कि दूषित पानी के कारण ऐसा हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि 300 से अधिक लोग सोसाइटी में बीमार हुए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को मौके पर आकर पानी की जांच करनी चाहिए। परिसर के टावर वी, वी वन, एम और एन में सबसे अधिक लोग बीमार हुए हैं। उन्होंने बताया कि बीमार हुए लोगों ने एकजुट होकर समस्या से अवगत कराया है।