पंजीकरण नहीं कराने वाले डॉक्टर जिले के अस्पतालों में नहीं कर सकेंगे कार्य
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के अस्पतालों में कार्यरत 100 से अधिक डॉक्टरों ने अब उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराया है। इन डॉक्टरों का अब तक अन्य राज्यों के मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यूपी में पंजीकरण अनिवार्य किए जाने के बाद 400 से ज्यादा डॉक्टरों का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया था। इसके बाद डॉक्टरों ने यूपी मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नोएडा और ग्रेनो के अस्पतालों व नर्सिंग होम में करीब दो हजार डॉक्टर कार्यरत हैं। इनमें से लगभग 1600 डॉक्टरों का पंजीकरण यूपी मेडिकल काउंसिल में है, जबकि 400 से अधिक डॉक्टर अन्य राज्यों की काउंसिल में पंजीकृत हैं। नियमों के अनुसार, जिले में कार्यरत सभी डॉक्टरों के लिए यूपी मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण अनिवार्य है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कई डॉक्टरों ने स्थानीय पंजीकरण नहीं कराया था। इसके बाद विभाग ने अस्पतालों और संबंधित डॉक्टरों को अंतिम नोटिस भेजा। कार्रवाई की चेतावनी के बाद अब डॉक्टरों ने पंजीकरण की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ चंदन सोनी ने बताया कि अन्य राज्यों में पंजीकृत डॉक्टर अब यूपी मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण करा रहे हैं। करीब 100 डॉक्टर पंजीकरण करा चुके हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सभी डॉक्टरों का पंजीकरण पूरा हो जाएगा।