- हाथ में फ्रैक्चर, कमर में चोट की वजह से चार माह तक बिस्तर पर रहेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-36 में कैंटीन से सामान लेकर घर जा रही किशोरी (13) पर कुछ बंदरों ने हमला कर दिया। सीढ़ियों पर चढ़ते समय हुए हमले से डकर किशोरी ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। जबकि कमर समेत शरीर में गंभीर रूप से चोट लगी है। डॉक्टरों ने करीब चार माह तक बिस्तर पर रहने की सलाह दी है।
किशोरी की मां पूजा कौशल ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बेटी तान्वी पास की कैंटीन से खाने का सामान लेकर घर आ रही थी। सीढियों पर चढ़ते समय तन्वी पर चार-पांच बंदरों ने हमला कर दिया। घबराई तन्वी ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। तन्वी के हाथ में फैक्चर है और शरीर में गंभीर चोट आई है। कमर में चोट आने से वह करीब चार माह तक बिस्तर पर रहेगी।
सेक्टर निवासी प्रियांशी खारी ने बताया कि बंदरों की वजह से लोग बालकनी में भी खड़े नहीं पाते। पूरे दिन हाथों में लाठी डंडे लेकर बंदरों को भगाना पड़ता है। कई बार प्राधिकरण से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। सेक्टर निवासी समाजसेवी सुनील प्रधान कहते हैं सेक्टर में 20 से 25 बंदरों का झुंड है। जिसे तत्काल भगाए जाने की जरूर है। उन्होंने कहा कि सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, स्वर्ण नगरी, पाई, चाई, पी-3, पी-4, सिग्मा, ओमीक्रॉन, सेक्टर-36, 37 आदि मेंं भी बंदरों व लावारिस कुत्तों की समस्या बढ़ती जा रही है।