-आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक आज भी बारिश का येलो अलर्ट जारी
-80 प्रतिशत आद्रता में अगस्त का सबसे उमस भरा दिन रहा सोमवार
ग्रेटर नोएडा/यमुना सिटी/नोएडा। सोमवार को अगस्त महीने का सबसे उमस भरा दिन रहा। इस दिन आद्रता 80 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके साथ ही जिले का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगस्त का महीना शुरू हो गया है और बारिश की रफ्तार धीमी होने से गर्मी और उमस परेशान कर रही है। हालांकि आज भी बारिश का येलो अलर्ट है ऐसे में बारिश की संभावना बन रही है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को हल्की बारिश के आसार बन रहे थे ऐसे में सुबह करीब 11 बजे कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसके बाद खिली तेज धूप ने फिर उमस बढ़ा दी। इसके बाद पूरे सप्ताह रोजाना हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है। 9 अगस्त तक जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
वहीं, सीपीसीबी की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा का एक्यूआई 76 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 86 दर्ज किया गया। जिले में सोमवार को हवा व हल्की बूंदाबांदी के कारण एक्यूआई ग्रीन जोन में बना हुआ है। पिछले दो दिन से एक्यूआई ग्रीन जोन में बना हुआ है रविवार को जहां एक्यूआई 88 था सोमवार को घटकर 85 हो गया। यमुना सिटी के जेवर, रबूपुरा, दनकौर, बिलासपुर और जहांगीरपुर में दोपहर 3:30 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ लगभग 10 मिनट हल्की बारिश हुई उसके बाद मौसम फिर साफ हो गया। ब्यूरो