मोहल्ला पाठशाला की देशभर में प्रसिद्धि : बीईओ
पिनगवां। कोरोना महामारी के बीच जहां अभी प्राइमरी स्कूल नहीं खुल पाए हैं, उसी के बीच जिले में मोहल्ला पाठशाला एक संजीवनी बूटी का काम कर रही हैं। इसी प्रक्रिया के तहत जिले के सबसे पिछड़े खंड पुनहाना/पिनगवां में 165 से अधिक मोहल्ला पाठशाला काम कर रही हैं। यह बात खंड शिक्षा अधिकारी डॉक्टर सद्दीक अहमद ने बृहस्पतिवार को बीआरसी ऑफिस पुन्हाना में मोहल्ला पाठशाला में काम कर रहे शिक्षा दूतों एवं अध्यापकों की मीटिंग में कही। बैठक से पहले सभी का थर्मल स्कैनिंग के माध्यम से तापमान चेक किया। बीईओ ने कहा कि मोहल्ला पाठशाला के कार्य की सराहना प्रदेश ही नहीं, देश भर में प्रसिद्धि हो रही है। इतना ही नहीं नीति आयोग भी मेवात के मोहल्ला पाठशाला कार्य की सराहना कर चुका है। नीति आयोग ने मोहल्ला पाठशाला के उदाहरण को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बताया है। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों से मोहल्ला पाठशाला में आ रही समस्याओं को सुना तथा उनका समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जिस भी अध्यापक को मोहल्ला पाठशाला में शिक्षण सामग्री, बैनर, बोर्ड, सैनिटाइजर आदि की जरूरत है वे संबंधित स्कूल या खंड कार्यालय से किसी भी समय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा मोहल्ला पाठशाला में सरकार द्वारा जारी कोविड-19 के नियमों का पालन किया जाए। प्रत्येक बच्चे का तापमान चेक किया जाए।
बीईओ ने पाठशाला में काम कर रहे सभी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस साल जो भी बच्चे मोहल्ला पाठशाला से निकलकर होने वाली नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में अपनी कामयाबी दिखाएंगे, उसके लिए शिक्षा दूत व बच्चों को ग्यारह सौ रुपये ईनाम के रूप में दिए जाएंगे।