जिलाधिकारी ने दिए आदेश, पहले चरण में 35 ग्राम पंचायतों का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बृहस्पतिवार को गौतमबुद्धनगर की 70 ग्राम पंचायतों में आधुनिक पुस्तकालय बनाने के आदेश दिए। पहले चरण में 35 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय बनेंगे। इसके लिए पुस्तक चयन, फर्नीचर व आईटी उपकरणों की गुणवत्ता समय से की जाएगी। पुस्तकालय संचालन में ग्राम पंचायत सहायकों का सहयोग लिया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा कलेक्ट्रेट के सभागार में ग्राम पंचायत स्तर पर बाल एवं किशोर डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना के लिए जिलास्तरीय समिति की बैठक में कहा कि ग्राम प्रधान एवं सचिव क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे। सभी आपूर्तियां शासनादेश के अनुसार जेम पोर्टल व यूपी डेस्को के माध्यम से की जाएंगी। पहले चरण के लिए 35 ग्राम पंचायतों का चयन कर लिया गया है। इनमें ई-पुस्तकों, बाल साहित्य, शैक्षिक वीडियो, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री और इंटरनेट सुविधा से युक्त काउंटर स्थापित किए जाएंगे। बैठक में पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण व स्व-वित्त पोषित आय स्रोतों पर विस्तृत चर्चा की गई। वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक डिजिटल पुस्तकालय में कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल कंटेंट व बाल-पाठकों के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी सदर चारुल यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुर बाछुका समेत अधिकारी मौजूद रहे।