फुटओवर ब्रिज के साथ ही स्वचालित सीढि़यां व प्रतीक्षालय यात्रियों को मिलेंगे
27 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे करेगा पुनर्विकास कार्य
12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण, 4 लिफ्ट लगेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जल्द ही सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन को भी यात्री फ्रेंडली बनाने की तैयारी है। रेलवे 27 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करेगा। यहां 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण होगा, ताकि एक प्लेटफार्म से दूसरे तक पहुंचने में यात्रियों को परेशान न होना पड़ा। साथ ही, प्लेटफार्म पर 6 स्वचालित सीढि़यां व चार लिफ्ट बनाने की योजना है। इससे वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग व अन्य यात्रियों को सामान के साथ चढ़ने-उतरने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक सुखविंदर सिंह ने बताया कि कंसल्टेंसी और वर्क्स कॉन्ट्रेक्ट प्रदान किया जा चुका है। स्टेशन पुनर्विकास को लेकर मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। स्टेशन के बाहरी परिसर को बेहतर करने की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। फुटओवर ब्रिज स्टील गर्डर से तैयार होगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों को सभी आधुनिक सुविधाएं देने के साथ ही पुनर्विकास कार्यों की योजना तैयार की गई है। इसके तहत दिल्ली डिवीजन के चौदह स्टेशन जिसमें सोनीपत, मोदीनगर, गाजियाबाद, सब्जी मंडी, जींद जंक्शन, रोहतक, पटौदी रोड, बहादुरगढ़, दिल्ली कैंट, शामली, नरेला, मानसा, फ़रीदाबाद, नरवाना जंक्शन का पुनर्विकास किया जाएगा।
स्टेशन पर यह होगा खास
स्टेशन के बाहरी भाग का सौंदर्यीकरण होगा। साथ ही, स्टेशन पर बेहतर कैफेटेरिया, एक स्टेशन-एक उत्पाद वाला स्टॉल, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग का विकास, सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात की सुगम आवाजाही के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनेंगे। अतिरिक्त प्लेटफार्म शेल्टर का विकास, जल बूथ, मोनो रंग के डिस्प्ले बोर्ड, जीपीएस आधारित प्लेटफॉर्म घड़ी लगेगी। साथ ही, एग्जीक्यूटिव, आरक्षित लाउंज होंगे। वीआईपी कक्ष में एलईडी टेलीविजन लगेगा। यात्री उद्घोषणा प्रणाली को बेहतर करने के साथ ही मुफ्त वाई-फाई की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।