माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 18 सितंबर को होने वाली राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर समन्वय बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रतिक्रिया तंत्र, संसाधनों, संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई। आपदा प्रबंधन योजनाओं में संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने और घटना प्रतिक्रिया प्रणाली के तहत संबंधित अधिकारियों की भूमिकाओं का परीक्षण करने पर भी चर्चा हुई।
एडीएम ने बताया कि मॉक ड्रिल जिले में तीन स्थानों पर होगी। ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा अस्पताल में अग्निकांड, जेवर के दा रेडिएशन स्कूल में भूकंप और हायर एप्लाइंसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में रासायनिक आपदा की स्थिति का अभ्यास किया जाएगा। बैठक में एसडीएम दादरी अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार, एसीएमओ पवन कुमार, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर हेमंत कुमार, आईटीबीपी इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा और जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।