नूंह। शहर की नायब वाली गली में मंगलवार देर रात दो दुकानों से लाखों के मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने पर नूंह सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शिकायत में शाहिद निवासी मलाई और मौसिम निवासी सालाहेडी ने बताया कि उनकी नायब वाली गली में मोबाइल की दुकान है। हर दिन की तरह मंगलवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए, लेकिन देर रात दोनों की दुकानों की शटर को तोड़कर चोर लाखों के मोबाइल ले गए।
मामले की जानकारी उनको पड़ोस के अन्य दुकानदारों ने बुधवार सुबह 9 बजे दी। इसके बाद दोनों ने पुलिस को बुलाया। उन्होंने बताया कि दुकानों से करीब 45-50 मोबाइल चोरी हो गए। मोबाइल की कीमत 20 हजार से 50 हजार तक हैं। सिटी थाना प्रभारी हरि सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने रात के समय में गश्त बढ़ा दी है।