नोएडा। बदमाशों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के सेक्टर-39 स्थित आवास के बाहर से सरेआम एक कंसल्टेंसी फर्म संचालक से सोने की चेन लूट ली। पीड़ित सेक्टर-40 निवासी विमल पांडेय को तीन तोले सोने की चेन उनकी मां ने गिफ्ट में दी थी। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
विमल पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह रोजाना सुबह वॉक पर जाते हैं। शुक्रवार सुबह 5:50 बजे घर से निकले थे। सेक्टर-40 मेन गेट से होते हुए खेतान स्कूल और वहां से कोविड अस्पताल के रास्ते कोतवाली सेक्टर-39 से आगे जा रहे थे। जब वह प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के सी ब्लॉक स्थित आवास के सामने पहुंचे तो पीछे से आए बदमाश ने उनकी गर्दन पकड़ ली और तीन तोले सोने कीे चेन लूट ली। जब तक वह कुछ समझ पाते बदमाश बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। उन्होंने शोर मचाया, मगर तब तक बदमाश दूर जा चुके थे।
वारदात के बाद विमल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौका मुआयना किया। पुलिस इस मामले में कैबिनेट मंत्री समेत आसपास के घरों के बाहर व सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि लूट करने वाले बदमाशों ने उनकी रेकी की थी और कोविड अस्पताल के पास से ही उनका पीछा कर रहा था। पुलिस इस रास्ते के सीसीटीवी को देखेगी तो उससे कुछ पता लग सकता है।
डिलीवरी बॉय पर गहरा रहा शक
प्राथमिक जांच में यह लग रहा है कि डिलवरी बॉय ने वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित विमल पांडेय बदमाशों का हुलिया बताया था। जिसके आधार पर पुलिसकर्मी जांच कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात से पहले दो युवक संदिग्ध हालात में सेक्टर-40 के पास दिखाई दिए थे, जो खुद को डिलीवरी बॉय बता रहे थे।
अति सुरक्षित जगह पर भी लूट से उठ रहे सवाल
सिद्धार्थनाथ सिंह जैसे हाई प्रोफाइल मंत्री के घर के सामने से सरेआम हुई लूट से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस स्थान पर यह लूट हुई है उसके आसपास कई बड़े ब्यूरोक्रेट व रिटायर्ड जज समेत प्रतिष्ठित लोग रहते हैं। इनमें से कई मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते हैं। वारदात के बाद से मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों में भय का माहौल है।