ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बिसरख गांव में पाइप से पानी गिरने पर हुए विवाद में एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से चार से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बिसरख निवासी मदन भाटी ने बताया कि पड़ोस में उनके दो चाचा जीतराम और तेज सिंह के परिवार भी रहते हैं। मदन के घर की छत से पानी की पाइप लाइन आ रही है। मदन के अनुसार बीते दिनों पाइप टूटने से उसका पानी एक चाचा के घर में रखे गेहूं में जा रहा था। चाचा के कहने पर मदन ने पाइप को ठीक कर दिया।
मदन का आरोप है कि करीब 10 दिन बाद बुधवार रात इस मामले को उठाते हुए दोनों चाचा के परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मदन के भाइयों और बहन और एक बहू को चोटें आई हैं। उनके घर में लगे सीसीटीवी में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। मदन ने जीतराम, तेज सिंह, शुभम, अंकुर, कालू, अंशू और कपिल के खिलाफ शिकायत दी है।
वहीं, जीतराम और तेज सिंह ने मदन के भाई गोपाल, गोविंद और संजीत के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी है। आरोप है कि हमले में तेज सिंह व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं बिसरख कोतवाली प्रभारी अनीता चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।