पुलिस की गिरफ्त में मिर्ची गिरोह का बदमाश मिंटू।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। गौरव चंदेल हत्याकांड के आरोपी आशु जाट के साथी और मिर्ची गैंग के सदस्य मिंटू मतला उर्फ आशुतोष को बिसरख कोतवाली पुलिस ने शनिवार को ग्रेनो वेस्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के ककराला का रहने वाला है। आरोपी ने गौरव चंदेल की हत्या के बाद आशु के ही साथ मिलकर पुलिसकर्मी बनकर बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी की स्कोर्पियो लूटी थी। मिंटू पर 26 संगीन केस दर्ज हैं।
बिसरख कोतवाली पुलिस ने बताया कि 6 जनवरी को गौरव की हत्या आशु ने उमेश के साथ मिलकर की थी। उस दौरान आशु की पत्नी पूनम भी साथ थी। इसके बाद से पुलिस आशु को तलाश रही थी। इस बीच आशु ने साथी मिंटू के साथ मिलकर 5 फरवरी 2020 को बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी की स्कोर्पियो लूट ली थी। आरोपियों ने पुलिस बनकर वारदात की और पीड़ित को काफी देर तक ग्रेनो वेस्ट में घुमाकर नकदी आदि भी लूट ली थी। पीड़ित को पुलिस ने आशु का फोटो दिखाया था तो उसने आरोपी की पहचान कर ली थी। आशु की मुंबई से गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे जिले की अन्य वारदात के संबंध में पूछताछ की थी। इसमें आशु ने स्कोर्पियो लूट में मिंटू के शामिल होने की बात कबूल की थी। मिंटू किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में ग्रेनो वेस्ट में आया था। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।