संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मांगों को पूरा करने के लिए मिड-डे-मील वर्कर्स का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी से मिला। उन्होंने जिला प्रधान रीतू शर्मा की अध्यक्षता में कार्यालय के उप अधीक्षक के माध्यम से छह अक्तूबर के जिला स्तरीय प्रदर्शन का नोटिस उन्हें सौंपा। इसमें सीटू जिला प्रधान व मिड डे मील वर्कर यूनियन हरियाणा के राज्य कोषाध्यक्ष साथी सत्यवान व सीटू जिला सचिव साथी नरेश रोहेड़ा प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि उनकी मुख्य समस्या दो माह से वेतन नहीं मिलना है। उन्होंने इस बारे जिला शिक्षा अधिकारी व मौलिक शिक्षा अधिकारी से बातचीत की लेकिन वह समस्या का हल करने की बजाय टाल-मटोल करके पल्ला झाड़ लेते है। इसको लेकर मिड डे मील वर्कर्स में गहरा रोष है। उन्होंने कहा कि त्योहार में सभी के घरों में खर्चा है। उनके पास स्कूल में खाना बनाने के इलावा आय का कोई दूसरा साधन भी नहीं है।
विभाग की ओर से हिदायत है कि मिड डे मिल वर्कर केवल खाना ही बनाएगी। बावजूद इसके स्कूल प्रशासन की ओर से उनसे साफ-सफाई व अन्य कार्य भी कराए जा रहे है। स्कूलों में बच्चों की संख्या के आधार पर लगातार वर्करों को हटाया जा रहा है, लेकिन जरूरत पर लगाया नहीं जा रहा। सभी मांगे हरियाणा सरकार और शिक्षा विभाग से संबंधित है। समस्याओं का अतिशीघ्र समाधान नहीं हुआ तो तमाम मिड डे मील वर्कर्स राज्य कमेटी के आह्वान पर छह अक्तूबर को दोपहर दो बजे से लेकर चार बजे तक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी।