फिरोजपुर झिरका। बिजली विभाग ने म्हारा गांव-जगमग योजना का विस्तार कर लोगों को 24 घंटे बिजली देने का फैसला किया है। इस योजना के अंतर्गत नगीना के 105 गांवों में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। जजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस योजना से मेवात के गांवों में भी शहरों के जैसे 24 घंटे बिजली दी जाएगी।
चार दशक से मेवात के लोग सरकार से व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मांग कर रहे हैं। प्रदेश के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला को जजपा नेता समसुद्दीन गूमल व झिरका हल्का के कई कार्यकर्ताओं ने मांग पत्र सौंपा था, जिसमें बताया गया था कि मेवात में बिजली समस्या से लोग परेशान हैं।
जजपा नेता समसुद्दीन गूमल ने बताया कि मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने मेवात के लोगों की मांग को पूरी करते हुए मेवात के गांवों में 24 घंटे बिजली देने के लिए म्हारा गांव-जगमग योजना का विस्तार करने की योजना बनाई है। इसके तहत 15 करोड़ रुपये की राशि से 4800 नए पोल लगाने के अलावा 12 हजार नए बिजली मीटर लगाने की मंजूरी दी गई है।
सबसे पहले विभाग की 60 प्रतिशत लाइन लॉस को कम कर 20 प्रतिशत तक किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत नगीना के 105 गांवों में पुराने जर्जर तारों को भी हटाया जाएगा। - शमीम अहमद, एसडीओ, बिजली विभाग