नगीना। बिजली कट से परेशान ग्रामीणों को निजात दिलाने के लिए भादस बिजली घर में 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर अगस्त में लगा दिया जाएगा। इससे 18 घंटे बिजली मिलेगी। हरियाणा सरकार के बिजली विभाग ने क्षमता बढ़ाने के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। भादस गांव के 33 केवीए बिजली घर पर इससे पहले 4-4 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगे थे। लोड की अधिकता और बार-बार बिजली की लाइन में फॉल्ट होने के कारण कई दिनों तक गांवों में बिजली की आपूर्ति नहीं हो पाती थी। करीब एक दशक से भादस बिजली घर की क्षमता बढ़ोतरी की मांग लोग और कई सामाजिक संगठन उठाते आ रहे हैं।
इससे पहले भी लोगों के आह्वान पर तत्कालीन नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने 4 से 8 एमवीए क्षमता भादस बिजली घर की क्षमता बढ़वाई थी। बता दें, कि नगीना के 66 केवीए बिजली उपमंडल से 115 गांवों में सीधे तौर पर बिजली की सप्लाई होती आ रही है। दूसरी तरफ अरावली पहाड़ियों से सटे गांव घागस में नया बिजली घर बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने कदम बढ़ाए हैं इससे जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पहाड़ की तलहटियों में लगे ट्यूबवेल से दर्जनों गांवों के लिए पानी की बेहतर सप्लाई होगी और यहां 24 घंटे बिजली दिए जाने का प्रावधान किया जा रहा है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के जूनियर इंजीनियर मुस्तकीम खान ने बताया कि भादस बिजली घर से गांव घागस के दो कृषि व ग्रामीण फीडर के अतिरिक्त उमरा व जलालपुर नूंह ग्रामीण फीडर, बनारसी पंप हाउस फीडर, जनस्वास्थ्य विभाग फीडर को बिजली दी जाती है। लोड की अधिकता के कारण 32 गांवों के लोगों व किसानों को पर्याप्त मात्रा में बिजली नहीं मिल पाती। लेकिन अब लोगों को लाभ मिलेगा। एसडीओ शमीम अहमद ने बताया कि हरियाणा सरकार के बिजली विभाग ने भादस बिजली घर की क्षमता बढ़ाने के लिए 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर भेज दिया है जिसे अगस्त में लगाया जाएगा।