गौतमबुद्धनगर जिले में नाइट और साप्ताहिक कर्फ्यू का असर एक्वा लाइन मेट्रो पर भी रहेगा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) की एक्वा लाइन पर मेट्रो सेवा का संचालन बुधवार से शुरू हो जाएगा, लेकिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक ही यात्रियों को इस सेवा का लाभ मिलेगा। कर्फ्यू के दौरान शनिवार और रविवार को मेट्रो संचालन बंद रहेगा।
एनएमआरसी की एमडी रितु माहेश्वरी ने बताया कि बुधवार से शुरू होने वाली मेट्रो सेवा के दौरान यात्रियों को पीक ऑवर में 15 मिनट और नॉन पीक आवर में 30 मिनट पर मेट्रो मिलेगी। पीक ऑवर का समय सुबह आठ बजे से 11 बजे और शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक का होगा।
साप्ताहिक दिनों में पीक ऑवर के दौरान फास्ट मेट्रो सेक्टर-50, 101, 81, 83, 143, 145, 146, 147, और सेक्टर- 148 स्टेशन पर नहीं रुकेगी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एनएमआरसी की ओर से एहतियाती कदम उठाए जाएंगे। इसमें यात्रियों की स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन आदि शामिल होंगे। समय-समय पर प्लेटफॉर्म और ट्रेन को सैनिटाइज किया जाएगा। यात्रियों के शरीर के तापमान की जांच और मास्क आदि की जांच लगातार जारी रहेगी।
13 स्टेशनों पर एक ही गेट से प्रवेश और निकास
एक्वा लाइन के 13 स्टेशनों पर एक ही गेट से यात्रियों का प्रवेश और निकास होगा। इन स्टेशनों में सेक्टर-101, 81, 137, 142, 143, 144, 145, 146, 147, 148, अल्फा-1, डेल्टा-1 और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण स्टेशन शामिल हैं। जिन स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के लिए दो गेट होंगे, उनमें सेक्टर-51, 50, 76, एनएसईजेड, सेक्टर-83, केपी-2, परी चौक और डिपो स्टेशन शामिल हैं। पार्किंग की सुविधा केवल सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर मिलेगी।