नोएडा। दिल्ली के साथ ही नोएडा में भी सोमवार से लॉकडाउन खत्म होने के बाद अब मेट्रो संचालन भी शुरू हो जाएगा। हालांकि, अभी सिर्फ डीएमआरसी की लाइन पर ही मेट्रो का संचालन होगा। इसमें 50 फीसदी यात्रियों को ही अनुमति होगी। वहीं, एनएमआरसी ने अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। ऐसे में नोएडा-ग्रेनो के बीच दौड़ने वाली एक्वा लाइन पर मेट्रो संचालन अभी बंद रहेगा। सोमवार को एनएमआरसी अधिकारी मेट्रो संचालन पर बैठक करेंगे। इसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
एनएमआरसी के नोडल अधिकारी व प्राधिकरण के ओएसडी वीपीएस कोमर ने बताया कि रविवार दोपहर को ही शासन ने जिले को अनलॉक किए जाने की घोषणा की है। डीएमआरसी पहले ही लाइन पर मेट्रो संचालन की बात कर चुकी है। ऐसे में दिल्ली के अशोक नगर, नोएडा सेक्टर-15 से सेक्टर-62 तक संचालित होने वाली ब्लू लाइन मेट्रो का संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा। जबकि एनएमआरसी एक्वा लाइन सेक्टर-71 से लेकर ग्रेटर नोएडा तक मेट्रो संचालन के लिए अब तैयारी करेगी। सोमवार को एनएमआरसी अधिकारियों की बैठक के बाद ही इसके संचालन पर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिए है कि एक से दो दिन में इस लाइन पर मेट्रो संचालन शुरू किया जा सकता है।