सात मेट्रो स्टेशनों पर लगेंगी बॉटल क्रशिंग मशीन
-एनएमआरसी ने मशीन लगाने के लिए मांगे आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो के एक्वा लाइन कॉरिडोर पर स्थित मेट्रो स्टेशनों पर बॉटल क्रशिंग मशीन लगाने की कवायद शुरू की गई है। शुरुआती दौर में सात मेट्रो स्टेशनों पर मशीन लगाने के लिए आवेदन मांगा गया है। दूसरे चरण में अन्य स्टेशनों पर भी इसे लगाने के लिए योजना बनाई जाएगी।
एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह खत्म करने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर बॉटल क्रशिंग मशीन लगाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) लाया गया है। इसके माध्यम से इच्छुक एजेंसियां 27 दिसंबर को प्री-बिड बैठक में हिस्सा ले सकती हैं। यहां योजना के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। एजेंसियों को इससे होने वाले लाभ की भी जानकारी दी जाएगी। आवेदन की आखिरी तारीख 8 जनवरी है।
बाद में बिड खुलने के बाद जिसकी बिड सबसे कम मूल्य की होगी उसी एजेंसी का चयन मेट्रो स्टेशनों पर बॉटल क्रशिंग मशीन लगाने के लिए किया जाएगा। बताया गया है कि फिलहाल उन स्टेशनों के नाम तय नहीं हुए हैं जहां ये मशीन लगाई जाएंगी। अगली बैठक में स्टेशनों के नाम पर अंतिम फैसला हो जाएगा।
दरअसल, नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-6 कार्यालय में क्रशिंग मशीन लगाई है। इस मशीन में बाहर से आने वाले लोग प्लास्टिक की बोतल डाल सकते हैं। मशीन में जाने के बाद बोतल छोटे-छोटे टुकड़े में बदल दी जाती है। बाद में इसका उपयोग किसी दूसरे उत्पाद के लिए किया जा सकता है।