व्यावसायिक वेबसाइट पर मशीन बिक्री का विज्ञापन देकर कारोबारियों से ठगी
ग्रेटर नोएडा (जेपी शर्मा)। बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित कॉमर्शियल बेल्ट में दफ्तर खोलकर एक बार फिर से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। राजस्थान के आरोपियों ने शहर के बीच स्थित दफ्तर खोलकर पॉलिथीन मुक्त भारत का हवाला देकर एक व्यावसायिक वेबसाइट पर विज्ञापन दिया। आरोपियों ने पेपर कप मशीन की बढ़ती मांग को देखते हुए कई लोगों को जाल में फंसाकर लाखों की ठगी की और दफ्तर बंद कर फरार हो गए। पीड़ित रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटकते रहे, लेकिन सुनवाई नहीं की गई। आठ पीड़ितों की शिकायत पर लखनऊ पुलिस ने न केवल मामले में रिपोर्ट दर्ज की बल्कि दो आरोपियों संदीप धाकड़ और वीरेंद्र धाकड़ को गिरफ्तार भी कर लिया। इसके बाद जिले के बीटा-2 थाने में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मेरठ निवासी व्यापारी अमित कुमार ने बताया कि पॉलिथीन बंद होने के कारण व्यावसायिक वेबसाइट पर पेपर कप मशीन तलाश रहे थे। उन्होंने वेबसाइट पर ओम साईं इंडस्ट्रीज और तारा एंड कंपनी के नाम से विज्ञापन देखा। विज्ञापन देने वाले ने अपना पता कॉमर्शियल बेल्ट के कृष्णा एप्रा प्लाजा लिखा था। अमित ने पेपर कप मशीन के लिए संपर्क किया और दफ्तर पहुंच गए। आरोपियों से नवंबर-दिसंबर 2019 में छह लाख रुपये में मशीन का सौदा कर 2.50 लाख रुपये अग्रिम राशि का भुगतान कर दिया। आरोपियों ने निर्धारित समय में मशीन की डिलीवरी नहीं कराई और लॉकडाउन आदि का हवाला देकर टरकाते रहे। इस बीच आरोपियों ने दबाव बनाने पर 95 हजार रुपये वापस भी किए, लेकिन फिर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इस पर पीड़ित आरोपियों के दफ्तर पहुंचे, लेकिन वह दफ्तर बंद कर फरार हो चुके थे। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने पीड़ित बीटा-2 थाने और डीसीपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पुलिस ने नहीं की मदद तो पीड़ित खुद पड़ताल में जुट गए
पीड़ितों का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मदद नहीं की। इस कारण से वह स्वयं आरोपियों की पड़ताल में जुट गए। कॉमर्शियल बेल्ट के मालिकों से संपर्क कर उन्होंने आरोपियों के पहचान पत्र हासिल किए। आरोपियों के दफ्तर के चक्कर लगा रहे पीड़ितों से संपर्क किया। वहीं, लखनऊ के पीड़ित अमन कुमार साहू ने अपने शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई। लखनऊ साइबर सेल ने दो आरोपियों संदीप धाकड़ और वीरेंद्र धाकड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद पुलिस आयुक्त के आदेश पर बीटा-2 थाना पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर निवासी संदीप धाकड़, वीरेंद्र धाकड़ और रवि धाकड़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इन्होंने भी लगाया ठगी का आरोप
पीड़ित अंकुर शर्मा और अमित कुमार ने बताया कि कासना निवासी राहुल कुमार और करनवीर ने 12 लाख में दो मशीनें बुक कराईं थीं और 9 लाख का भुगतान किया था। आरोपियों ने एक मशीन उपलब्ध करा दी थी। आरोपी नए ग्राहकों को यही मशीन ले जाकर दिखाते थे। मशीन को काम करता देख लोग ठगी का शिकार होते चले गए। आरोपियों ने अमित के साथ राहुल कुमार, करनवीर, सबिंद्र, मेरठ के अंकुर शर्मा मुरादाबाद के विपिन को भी ठगी का शिकार बनाया।
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
- राजेश कुमार सिंह, डीसीपी, ग्रेनो