तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, एक की मौत
- सेक्टर-67 में हुआ हादसा, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-67 में बुधवार रात को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में कोतवाली फेज-3 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।्र
दिल्ली के शाहीन बाग निवासी शेख आजम ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके साले प्यारूद्दीन मिर्जा छिजारसी में रहते थे और एक फैक्टरी में काम करते थे। उनके साथ बहलोलपुर गांव निवासी दोस्त अनिल कुमार बुधवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों लोग सेक्टर-67 में पहुंचे तो पीछे से एक तेज गति से चलाकर आ रहे हरियाणा नंबर के ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में प्यारूद्दीन मिर्जा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।