लोहे की सीढ़ी बिजली के तारों से टच हुई
- हाइजीन प्लस कंपनी में हुआ हादसा, जारचा कोतवाली पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। जारचा कोतवाली क्षेत्र के नंगला चमरु गांव के पास स्थित हाइजीन प्लस कंपनी में सोमवार को पुताई का कार्य कर रहे दो मजदूरों को बिजली का करंट लग गया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक रविंदर का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं घायल अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली प्रभारी सुमनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा उस समय हुआ जब बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद निवासी अंकित कुमार व जौट मकनपुर गांव निवासी महावीर उर्फ रविंदर कंपनी में पुताई का कार्य कर रहे थे। पुताई के दौरान प्रयोग की जा रही लोहे की सीढ़ी अचानक ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों के संपर्क में आ गई। इससे दोनों मजदूरों को करंट लगा और वे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने दोनों घायलों को सिकंदराबाद स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महावीर उर्फ रविंदर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंकित कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक व घायल के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी के अनुसार अबतक मृतक के परिजनों द्वारा थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
सुरक्षा मानकों का नहीं किया पालन
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद कंपनी में कार्यरत मजदूरों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही रही है। इस बात की जांच की जा रही है कि कंपनी की ओर से लापरवाही बरती गई या नहीं।