बहजोई(संभल)। कक्षा एक से आठ तक के अधिकतर निजी विद्यालयों में अभी तक एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई नहीं कराई जा रही है। इससे शासन के आदेश का उल्लंघन तो हो ही रहा है, साथ में अभिभावकों का भी शोषण हो रहा है। यह बात शनिवार को कलक्ट्रेट पर डिप्टी कलक्टर वंदना मिश्रा को दिए गए ज्ञापन में समाज हित संरक्षण समिति के पदाधिकारियों ने कही।डीएम को संबोधित ज्ञापन में समिति के अध्यक्ष महंत भगवानदास शर्मा का कहना है कि निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई न होकर निजी कोर्स से विद्यार्थियों की पढ़ाई कराई जा रही है। साथ ही निजी कोर्स की किताबें महंगी हैं और विद्यालयों की ओर से प्रति वर्ष बदल दी जाती हैं। यह नियम विरुद्ध है और इससे अभिभावकों को मुश्किल हो रही है।
अध्यक्ष का कहना था कि कक्षा एक से आठ तक के निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबों से विद्यार्थियों की पढ़ाई कराने की मांग करते हुए बीते दिनों डीआईओएस व बीएसए दफ्तर परिसर में धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन भी दिया जा चुका है। पूरे मामले में गंभीरता दिखाई जाए।
ज्ञापन संजीव, राजीव, याकूब, नितिन शर्मा, जोगेंद्र शर्मा, लालता प्रसाद, महीपाल सिंह व अंजार आदि के नाम हैं।