मेडिकल के छात्रों ने सीखा मरीज की जान बचाने का हुनर
ग्रेटर नोएडा। कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में आयोजित दो दिवसीय शैक्षणिक उत्सव मेडस्पार्क 2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। जिम्स के एकेडमिक ब्लॉक के संजीवनी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में एमबीबीएस विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान से जुड़ी कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को वास्तविक परिस्थितियों में काम आने वाली मेडिकल स्किल्स से परिचित कराना था।
आयोजन में जिम्स सहित विभिन्न अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों से आए 200 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सूचक प्रशिक्षण विषय के अंतर्गत मेडिकल इमरजेंसी के दौरान मरीजों की स्थिति को समझने और तत्काल निर्णय लेने की तकनीक सिखाई गई। दूसरा विषय प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और दुर्घटना में घायल मरीज को हो रही ब्लीडिंग को नियंत्रित करने से संबंधित था। तीसरे सत्र में विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा विज्ञान, मानव शरीर, बीमारियों और दवाओं से जुड़े बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने कहा, डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि डॉक्टर के भीतर बेहतर स्किल्स और व्यवहारिक समझ होना भी बेहद जरूरी है।