-रबूपुरा आश्रय स्थल में गायों की दुर्दशा का वीडियो वायरल होने के बाद जागे
जांच के दौरान दो गोवंश बीमार मिले, 665 गोवंशों की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। आश्रय स्थल में जिंदा गोवंश को गड्ढे में पड़े होने का वीडियो वायरल होने के बाद पशु चिकित्सा अधिकारी ने गांव फलैदा में स्थित गोशाला में पहुंचकर गोवंशों का निरीक्षण किया। चिकित्सक ने गोवंशों की जांच की। जांच के दौरान दो गोवंश बीमार पाए मिले। जिनका उपचार शुरू कर दिया गया है।
क्षेत्र के गांव फलैदा के नजदीक यमुना नदी के किनारे गौशाला बना हुआ है। इसे यमुना प्राधिकरण द्वारा संचालित किया जाता है। गोवंशों की देखरेख के लिए चार चौकीदारों समेत 25 कर्मचारी कार्यरत हैं। चार दिन पूर्व गड्ढे में गिरे गोवंशों का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद सरकारी अधिकारियों ने इसका सज्ञान लिया । मंगलवार को उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी टीम के साथ गोशाला पहुंचे और सभी गोवंशों की जांच की। जांच के दौरान दो पशु बीमार पाए गए। इनका उपचार शुरू कर दिया गया है। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी संदीप माहेश्वरी ने बताया कि सभी 665 गोवंशों की जांच की गई। जांच में दो गोवंश बीमार मिले हैं। निरीक्षण के दौरान गोशाला की अन्य व्यवस्थाएं भी देखी गईं। स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वह समय समय पर गोशाला आकर पशुओं की जांच करें और यदि कोई पशु बीमार पाया जाए तो उसका समुचित इलाज करें।