गैस पाइपलाइन लीक होने से लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क-3 क्षेत्र में सोमवार शाम आईजीएल की गैस पाइपलाइन लीक होने से भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और नॉलेज पार्क फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। गैस की आपूर्ति बंद कराकर आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार 28 सितंबर को शाम करीब 7:30 बजे नॉलेज पार्क क्षेत्र में आईएसएबी (इंपीरियल स्कूल ऑफ एग्री बिजनेस) के पास पुस्ता रोड पर प्राधिकरण की ओर से खुदाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही आईजीएल की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं।
इससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया। साथ ही आईजीएल की टीम को सूचना दी गई। गैस आपूर्ति बंद किए जाने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है और न ही कोई जनहानि हुई है। घटना के बाद आईजीएल की टीम मौके पर मौजूद है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम कराया जा रहा है। पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद गैस आपूर्ति सामान्य किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी में पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने की वजह प्राधिकरण की ओर से की जा रही खुदाई सामने आई है। मामले में मौके की स्थिति और पाइपलाइन को हुए नुकसान के संबंध में संबंधित टीमों की ओर से जांच की जा रही है।