-राष्ट्रगीत की वर्षगांठ के मौके पर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम हुए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शुक्रवार को राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया। एनडीएमसी मुख्यालय पालिका केंद्र सहित सभी कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों, औषधालयों, बाजारों और कॉलोनियों में वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ। मुख्य कार्यक्रम एनडीएमसी मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहां परिषद के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने प्रतिष्ठित ध्वज स्तंभ के पास राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन नेतृत्व किया।
एनडीएमसी के 45 स्कूलों के 28,000 से अधिक छात्रों ने भी अपने-अपने स्कूल परिसरों में राष्ट्रगीत गाकर इस ऐतिहासिक अवसर को मनाया। परिषद के विद्युत, सिविल इंजीनियरिंग, बागवानी, जनस्वास्थ्य और सफाई विभागों के कर्मचारियों ने भी अपने कार्यस्थलों पर सामूहिक गायन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाजारों और आवासीय कॉलोनियों में सफाई और सड़क विभाग ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर विशेष वंदे मातरम सत्र आयोजित किए। इनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की श्रृंखला को और व्यापक बनाने के लिए एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में वंदे मातरम संगीत संध्या का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता से जोड़ना था।