-मृतक के बेटे की शिकायत पर जेसीबी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पुनहाना। बिछौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में जेसीबी मशीन के बकेट की चपेट में आने से एक राज मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल सिंह पुत्र दीपचंद, निवासी बिछौर के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक के बेटे राजीव ने बिछौर थाने में जेसीबी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार, शुक्रवार को कमल सिंह अपने साथी सीताराम के साथ दीना भट्टा झारोखड़ी क्षेत्र में राज मिस्त्री का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पास में ही जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। आरोप है कि जेसीबी चालक को वहां काम न करने के लिए मना किया गया था, लेकिन चालक ने लापरवाही बरतते हुए मशीन चलाना जारी रखा। कुछ समय बाद अचानक जेसीबी का बकेट ऊपर से खिसक कर कमल सिंह के सिर पर जा लगा। बकेट के साथ दीवार की मिट्टी भी उनके ऊपर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मिट्टी में दबे कमल सिंह को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए मांडीखेड़ा ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी जसवीर ने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।