भाजपा कार्यालय के सामने ओवर ब्रिज पर खड़ा सेल्समैन सोनू।
सीतापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में ओवरब्रिज एक बार फिर अपराधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन गया है। मंगलवार रात भाजपा कार्यालय के सामने स्थित इसी पुल पर नकाबपोश बदमाशों ने एक शराब दुकान के सेल्समैन से लूट की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोशों ने सेल्समैन को पहले डंडों से जमकर पीटा और फिर बाइक से ढकेल दिया। पीड़ित ने मौखिक रूप से दो लाख रुपये लूटे जाने का दावा किया है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी उत्तरी आलोक सिंह व कोतवाली पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्धों की मौजूदगी सामने आई है, वहीं पुलिस पीड़ित और उसके साथियों से भी पूछताछ कर रही है। टेडवा चिलौला निवासी सोनू जायसवाल धनीपुर गांव स्थित सरकारी शराब दुकान पर सेल्समैन हैं। मंगलवार रात वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। मलुही सरैंया गांव के पास ओवरब्रिज पर दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोशों ने उनका पीछा कर रोका। पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने डंडों से पीटकर बाइक से गिरा दिया। इसके बाद बाइक की डिग्गी में रखे रुपये लूट लिए। हालांकि सोनू ने मौखिक रूप से दो लाख रुपये की लूट की बात कही है, लेकिन दर्ज कराई गई एफआईआर में इस रकम का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
छह मिनट में वारदात, 13 सेकेंड की संदिग्ध कॉल
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सेल्समैन रात 10:07 बजे दुकान से निकला और 10:13 पर घटना घट गई। खास बात यह है कि घटनास्थल के पास पीड़ित के मोबाइल पर 13 सेकेंड की एक कॉल दर्ज है, जो जांच के दायरे में है। पुलिस को जानकारी मिली है कि इसी नंबर से पहले 21 अगस्त को कॉल की गई थी।
वारदातों का केंद्र बन रहा ओवरब्रिज
ऑपरेशन त्रिनेत्र के दायरे से बाहर यह पुल लगातार वारदातों का गवाह बनता जा रहा है। सितंबर में इसी स्थान पर गौरीनगर निवासी नरेंद्र का शव मिला था। 8 मार्च को पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की हत्या भी इसी पुल पर की गई थी। इन दोनों मामलों में भी सीसीटीवी की कमी पुलिस के लिए चुनौती बनी थी।