पिनगवां। थाना क्षेत्र में विवाहिता का गर्भपात करा घर से बाहर निकालने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसे जबरदस्ती गर्भपात की गोली खिलाई। पीड़िता की शिकायत पर पिनगवां पुलिस ने पति सहित सास व ननद पर दहेज प्रताड़ना समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पिनगवां पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2022 में विपिन शेठी निवासी उत्तम नगर दिल्ली से हुई है। शादी के समय उसके पिता ने अपनी हैसियत से दहेज दिए थे। आरोप है कि शादी के दो महीने के बाद से ही ससुराल वालों ने उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और एक कार व 6 लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि जब वो गर्भवती हो गई तो उसके पति ने जबरदस्ती गोली खिलाकर गर्भपात करा दिया। जब पीड़िता को पता चला तो उसने सास व ननद को बताया। उन्होंने भी उनके साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद