चंडीगढ़। जीएसटी की नई दरों के लागू होने के पहले ही दिन चंडीगढ़ के बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। नवरात्रि का पहला दिन और सरकारी छुट्टी होने के कारण लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसका सीधा फायदा उन्हें जीएसटी में मिली छूट के रूप में मिला। शहरवासियों ने अकेले एक दिन में 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत की, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा ऑटोमोबाइल और इंश्योरेंस सेक्टर का रहा।
जीएसटी दरों में कटौती का सबसे ज्यादा असर ऑटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन शोरूमों में दिवाली और धनतेरस जैसी भीड़ थी। शहर में 1200 से ज्यादा कारें बिकीं। 10 लाख से ऊपर की गाड़ियों पर औसतन 85,000 रुपये से ज्यादा की बचत हुई। अकेले कारों की बिक्री से 10.20 करोड़ से अधिक की बचत हुई। औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक के टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट समीर ठाकुर ने बताया कि उनके शोरूम में सोमवार को 75 गाड़ियों की बुकिंग थी लेकिन 45 गाड़ियों की डिलीवरी दी गई। टाटा की पंच गाड़ी पहले 10.31 लाख रुपये की थी, जो अब 9 लाख 44 हजार रुपये में उपलब्ध है। दोपहिया वाहन निर्माता हीरो और टीवीएस के शोरूम में भारी भीड़ रही। करीब 2500 से ज्यादा बाइक बिकीं। एक लाख रुपये तक की बाइक पर 6,000 से 7,000 रुपये तक की छूट मिली, जिससे ग्राहकों को न्यूनतम 1.50 करोड़ की बचत हुई। कुल मिलाकर ऑटोमोबाइल सेक्टर में लोगों ने 11.70 करोड़ की बचत की। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के मुताबिक जीएसटी से होने वाली बचत 17 करोड़ से अधिक की हो सकती है।
इंश्योरेंस और इलेक्ट्रॉनिक्स में भी अच्छा लाभ
जीएसटी में कटौती का फायदा सिर्फ गाड़ियों तक सीमित नहीं रहा। स्वास्थ्य और जीवन बीमा के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी ग्राहकों को बड़ा लाभ मिला। स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर अब तक लगने वाला 18% जीएसटी हटाकर शून्य कर दिया गया है। इससे 25,000 रुपये के प्रीमियम पर सीधे 4,500 रुपये की बचत हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी अजय झा ने बताया कि ग्राहकों की संख्या में 20% तक की बढ़ोतरी हुई है। टीवी जैसे सामान पर भी बड़ी छूट मिली। उदाहरण के लिए पहले जो टीवी 45,000 रुपये में बिकता था, वह अब 40,000 रुपये में मिल रहा है। जानकारों के मुताबिक, इन दोनों सेक्टरों से लोगों को करीब 3 करोड़ की बचत हुई है। इसके अलावा जनरल स्टोर, स्टेशनरी और मेडिकल जैसे क्षेत्रों में भी जीएसटी दरों में कमी का फायदा मिला।