जानें क्या बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
एयरक्राफ्ट इंजन और डिफेंस एयरोस्पेस टेस्ट फैसिलिटी के उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अभी मैंने एक प्लांट का दौरा किया। वहां मैंने देखा कि चाहे वह इंजन टेस्ट बीईडी हो, मेटल एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग सुविधा हो, 2800°C तक पहुंचने में सक्षम भट्टियां हों, एडवांस्ड कम्पोजिट पॉलीमर मैन्युफैक्चरिंग सेंटर हो, पेलोड ड्रॉप ड्रोन हो, स्वार्म ड्रोन हो, या सटीक-निर्देशित मिसाइल ड्रोन हों, ये सभी अत्याधुनिक और अत्यधिक उन्नत, विश्वसनीय उपकरण हैं, जो भारत की रक्षा क्षमता को और बढ़ाएंगे।
वहीं दूसरी तरफ नोएडा पुलिस ने कई विपक्षी नेताओं को नजरबंद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आश्रय गुप्ता अपने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे। तभी नोएडा पुलिस ने उन्हें सेक्टर-51 के पास रोक लिया और करीब 30 से अधिक कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया गया। इसी तरह कार्यक्रम स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर भारतीय किसान यूनियन क्रांति के प्रदेश अध्यक्ष परविंदर यादव को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। इसी तरह सेक्टर-142 में सपा नेता सुभाष भाटी को रात से ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया था।
25 हजार से अधिक पुलिसकर्मी हैं तैनात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर उनकी सुरक्षा व्यवस्था में नोएडा पुलिस के ढाई हजार से अधिक कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा पीएसी समेत पुलिस व सेना की अन्य कंपनियों को भी शहर में तैनात किया गया है।
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे सीएम योगी और रक्षा मंत्री
नोएडा के
फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी कंपनी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गौतमबुद्ध नगर आए हैं। राफे एमफाइबर कंपनी भारतीय सशस्त्र बलों व पुलिस बल के लिए ड्रोन, मानव रहित यान के इंजन व अन्य सिस्टम का निर्माण करती है।