सोनीपत। हिंदू शिक्षण महाविद्यालय में बीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक व रचनात्मक गतिविधियों पर आधारित चल रहा दो दिवसीय टैलेंट शो शनिवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में छिपी प्रतिभा को उजागर करना, उनकी रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था।
डॉ. इतिशा के नेतृत्व में रंगोली, कविता पाठ, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पॉट डेकोरेशन, फेस पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। टैलेंट शो का विशेष आकर्षण ऑपरेशन सिंदूर विषय पर प्रस्तुत नाटिका रही।
विद्यार्थियों ने भारतीय सेना के साहस, बलिदान, मातृभूमि के प्रति समर्पण को भावनात्मक रूप से दर्शाया। लघुु नाटिका केे माध्यम से देश के नागरिकों को वोट के अधिकार की शक्ति से परिचित कराया गया।
प्राचार्य डॉ. सोनिया आनंद ने कहा कि टैलेंट शो विद्यार्थियों की कला, रचनात्मकता, टीम भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता को निखारने का माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं। प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. सरिता रानी, रितु शर्मा, डॉ. निशु, अंजू, डॉ. रुचि रानी, डॉ. चित्रा देवगन, स्वाति त्यागी ने निभाई। विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
पर्यावरण संरक्षण संदेश पर आधारित मॉडल बनाओ प्रतियोगिता में मानसी, सपना प्रथम, साक्षी, मानसी सैनी द्वितीय, ज्योति तृतीय रही। पॉट सज्जा में अंशु, निधि प्रथम, मोनिका, शिवानी द्वितीय, फेस पेंटिंग में चेतना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंगोली में प्रियंका, अंजलि प्रथम, चेतना द्वितीय, कविता पाठ में मोनिका प्रथम, सृष्टि द्वितीय, हर्षित तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने सामाजिक, शैक्षिक, प्रेरणादायक विषयाें पर अपने विचार व्यक्त किए।