5 अक्तूबर की शाम विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें युवती की मौत हो गई। पुलिस को तीन दिन बाद मामले की जानकारी मिली थी। गांव की गली नंबर-12 में कर्मवीर भाटी के मकान की चौथी मंजिल पर बने कमरे से युवती का शव बरामद किया गया था। मृतका की पहचान कासगंज निवासी मनीषा के रूप में हुई थी। मकान की देखरेख करने वाले जितेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया था कि करीब एक सप्ताह पहले नितिन नाम का युवक किराये पर कमरा लेने आया था। वह अपने साथ शीला और मनीषा को लेकर आया था।
नितिन ने पांच अक्तूबर को फोन कर बताया कि दोनों महिलाओं के बीच विवाद हो गया है और कमरे में जाकर देखने को कहा। जितेंद्र जब मौके पर पहुंचा तो कमरे पर बाहर से ताला लगा था। ताला खोलकर अंदर जाने पर मनीषा का शव मिला। घटना के बाद से नितिन और शीला फरार हैं। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
सड़क किनारे मिला अधेड़ व्यक्ति का शव
सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। सोरखा गांव में एफएनजी मार्ग के पास शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष है। उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं कोतवाली फेज टू क्षेत्र के याकूबपुर गांव में एक शख्स की मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है।