-किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं ने दूसरे दिन भी दिया धरना
-जल्द तुलाई शुरू करने के आश्वासन पर माने किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रीलखा रोड स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र मंडी पर किसानों के धान की तुलाई न होने के विरोध में दूसरे दिन भी धरना जारी रखा। धरने का नेतृत्व जोरा भाटी ने किया और संचालन पप्पे नागर ने किया। इस दौरान नाराज किसानों ने मंडी इंस्पेक्टर को काफी देर तक बंधक बनाकर रखा। बाद में मौके पर पहुंचे डिप्टी आरएमओ और मंडी सचिव ने किसानों से वार्ता की। इसके बाद ही गुस्साए किसानों ने धरना स्थगित किया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने बताया कि सरकारी धान क्रय केंद्र पर किसानों का धान पिछले पंद्रह दिनों से पड़ा हुआ है, लेकिन अभी तक उसकी तुलाई नहीं की गई है। इस लापरवाही से नाराज किसानों ने मंडी के इंस्पेक्टर चंद्रभान शर्मा को पंचायत में बंधक बनाकर बैठा लिया। इससे पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। लंबी बातचीत के बाद किसानों और अधिकारियों के बीच शाम को आपसी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि धान के सैंपल को दोबारा लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान अधिकारियों ने सभी को भरोसा दिलाया कि जल्द ही तुलाई शुरू कर दी जाएगी।
किसानों ने घोषणा की कि जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती। तब तक किसानों का धरना स्थगित रहेगा। इस मौके पर देशराज नागर, मोहनपाल नागर, कृष्ण बैसला, भूपेंद्र नागर, राजसिंह ठेकेदार, वनीस प्रधान, विक्रम नागर, उम्मेद एडवोकेट, अखिलेश प्रधान, वाहिद भाटी, महेश, सतवीर भाटी, हेमराज बीडीसी, परवेज खान, सल्लन पहलवान, हिमाचल कसाना, प्रवीण कुमार, दुर्गेश शर्मा, रोहित गौतम, सुमित भाटी और आतिफ समेत काफी किसान मौजूद रहे।