वहीं, बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हादसे में प्रयुक्त टाटा पंच कार को कब्जे में लेकर कोतवाली में दाखिल किया जा चुका है।
टक्कर से युवक कई फीट तक हवा में उछला
जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर की सुबह करीब 4:35 बजे एक व्यक्ति मूर्ति चौक के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट तक हवा में उछल गया। टक्कर लगने के बाद व्यक्ति सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में उसके पैर, हाथ और घुटने के साथ रीढ़ की हड्डी में भी फ्रैक्चर हुआ है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें व्यक्ति को सड़क पार करते हुए और तेज गति से आ रही कार की चपेट में आते हुए देखा जा सकता है। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से चला गया था।
प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह का कहना है कि मामले में संबंधित आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है। घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार भी बरामद कर कब्जे में ले ली है।
पीड़ित हिमांशु ने कहा, '5 तारीख को मेरा जन्मदिन था, इसलिए काम के बाद मैं अपनी पत्नी के साथ बाहर गया था। एक मूर्ति चौक पर सड़क पार करते समय एक टाटा पंच बहुत तेज और लापरवाही से चलाई जा रही थी। कार ने मुझे 100 से ज्यादा की रफ्तार से टक्कर मारी और भाग गई। जिस तरह से कार चलाई जा रही थी, मुझे लगा कि ड्राइवर शायद शराब के नशे में था।'