हथीन। नागरिक अस्पताल में पुरुष नर्स के पद पर कार्यरत प्रवेश की शुक्रवार रात अचानक नर्सिंग कक्ष में तबीयत खराब होने के बाद पलवल अस्पताल लाते समय मौत हो गई। बाद में पुलिस ने उसके पास से मिले सुसाइड नोट के आधार पर एक मेडिकल अधिकारी सहित पांच के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। डीएसपी रतनदीप बाली ने बताया कि मृतक प्रवेश के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
शनिवार को प्रवेश की मौत के मामले में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना दिया और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रेखा सिंह ने कर्मचारियों को शांत कराया। जांच अधिकारी टेक सिंह डागर ने बताया कि प्रवेश की मौत के मामले में उसके मामा सुभाष के बयान पर हथीन नागरिक अस्पताल में सेवारत मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर गजय, उसके साथ आने वाले किशोरपुर निवासी कमल, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सोहनपाल एवं इलेक्ट्रीशियन साबिर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मृतक के मामा सुभाष ने आरोप लगाया है कि पांचों आरोपियों की प्रताड़ना के कारण प्रवेश ने आत्महत्या की है। मृतक प्रवेश सुसाइड नोट भी छोड़कर गया है। डीएसपी रतनदीप बाली ने बताया कि सुसाइड नोट में डॉक्टर गजय एवं कमल का ही नाम है।
जानकारी के अनुसार प्रवेश शुक्रवार को अपने मामा के गांव काशीपुर से हथीन अस्पताल में ड्यूटी पर आया था। रात्रि के समय वह अपने कक्ष में था। अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे हथीन अस्पताल में डॉक्टरों ने देखा और पलवल अस्पताल रेफर कर दिया। पलवल के रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। प्रवेश की मौत किस प्रकार के विष से हुई यह विसरा रिपोर्ट की जांच के बाद ही पता चल सकेगा। सूत्रों के मुताबिक उसे बीती रात में अस्पताल में उल्टियां भी हुईं। जानकारी के अनुसार मृतक प्रवेश ने इससे पूर्व भी डॉक्टर गजय के खिलाफ हथीन थाने में लिखित शिकायत दी थी। इस पर कार्रवाई की गई थी। डॉक्टर गजय के खिलाफ 21 मार्च को एम्बुलेंस चालक वीरेंद्र ने मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया था।
प्रवेश की मौत का दुख है। भविष्य में ऐसे उपाय करेंगे जिससे कर्मचारियों को कोई परेशानी न हो।
- विजय कुमार, एसएमओ
मेरी संवेदनाएं प्रवेश और उसके परिवार के साथ हैं। हमें गहरा दुख है। विभाग की तरफ से जो मदद होगी वह की जाएगी।
- ब्रह्मदीप, सीएमओ