हैवी मेकअप के बजाय न्यूड और सॉफ्ट ग्लैम पसंद कर रहीं महिलाएं, पहले से करा रहीं स्किन ट्रीटमेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। नोएडा में शादी का सीजन शुरू होते ही पार्लरों में महिलाओं की भीड़ बढ़ने लगी है। इस बार शादी समारोहों में शामिल होने वाली महिलाएं हैवी मेकअप के बजाय नेचुरल और सॉफ्ट ग्लैम लुक पसंद कर रही हैं। उनकी कोशिश है कि मेकअप से चेहरा निखरे, लेकिन प्राकृतिक रंगत भी बरकरार रहे। इसके लिए शादी से कई दिन पहले ही फेशियल, स्किन पॉलिशिंग और हेयर स्पा की बुकिंग कराई जा रही है।
ब्यूटी एक्सपर्ट के मुताबिक, महिलाएं अब शादी वाले दिन मेकअप कराने के साथ पहले से त्वचा और बालों की देखभाल पर भी ध्यान दे रही हैं। इसके लिए क्लीनअप, डी-टैन, हाइड्रा फेशियल, हेयर स्पा और स्किन हाइड्रेशन जैसे ट्रीटमेंट पसंद किए जा रहे हैं। सामान्य फेशियल की कीमत 800 से 2500 रुपये, हाइड्रा फेशियल की 2500 से 5000 रुपये और हेयर स्पा की 800 से 2000 रुपये तक है। वहीं, पार्टी मेकअप पर 2000 से 5000 रुपये और ब्राइडल मेकअप पर 10 हजार से 40 हजार रुपये तक खर्च हो रहे हैं।
- पहले से बुक करा रहीं मेकअप स्लॉट (फोटो)
शादी के सीजन को देखते हुए महिलाएं पहले ही मेकअप के लिए स्लॉट बुक करा रही हैं। दुल्हनों के साथ शादी में शामिल होने वाली महिलाएं भी अपनी पसंद और चेहरे के अनुसार मेकअप चुन रही हैं। ब्राइडल मेकअप के लिए 15 हजार से 40 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।- बिंदू शर्मा, सेक्टर-26 निवासी
- न्यूड और सॉफ्ट ग्लैम लुक पसंद (फोटो)
इस बार न्यूड मेकअप के साथ पीच और पिंक शेड्स की मांग बढ़ी है। महिलाएं हैवी फाउंडेशन के बजाय हल्का बेस, आंखों पर सॉफ्ट शेड्स और होंठों पर न्यूड लिपस्टिक पसंद कर रही हैं। वे ऐसा लुक चाहती हैं, जिसमें चेहरा प्राकृतिक दिखे और तस्वीरों में भी निखार आए।- दीक्षा, सेक्टर-110 निवासी
- स्किन केयर पर भी दे रहीं ध्यान (फोटो)
महिलाएं शादी से एक से दो सप्ताह पहले ही फेशियल, डी-टैन, क्लीनअप और हेयर स्पा जैसे ट्रीटमेंट शुरू करा रही हैं। अब उनका जोर सिर्फ मेकअप पर नहीं, बल्कि त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाने पर भी है।- आशा गुप्ता, सेक्टर-12 निवासी