मैनपुरी। एसटीएफ आगरा और कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को करहल रोड से 50 हजार के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। अजय उर्फ बिल्लू पर हत्या, जानलेवा हमला, डकैती सहित करीब सात से अधिक मामले दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। सीओ सिटी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र की नवीन मंडी गिहार कालोनी निवासी अजय उर्फ बिल्लू एक शातिर अपराधी है। उस पर वर्ष 2007 में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, इसके अलावा जानलेवा हमला, धमकी के मामले दर्ज हुए, वर्ष 2009 में उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। सदर कोतवाली में वर्ष 2011 में अजय के खिलाफ जानलेवा हमले का एक मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था, उसकी गिरफ्तारी पर उच्चाधिकारियों ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि इनामी अपराधी क्षेत्र में देखा गया है।
उक्त सूचना पर एसटीएफ आगरा टीम और कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर ने इनामी अपराधी को पकड़ने के लिए करहल रोड पर महिला छात्रावास के पास दबिश दी, पुलिस टीम को देख अजय उर्फ बिल्लू ने भागने की कोशिश की, मगर पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ करने के बाद चालान कर न्यायालय में पेश किया गया, वहां से आरोपी को जेल भेजा है।
2011 से पुलिस को देता आ रहा चकमा
गैंगस्टर व 50 हजार के इनामी अपराधी अजय उर्फ बिल्लू पर सदर कोतवाली में आखिरी मुकदमा 2011 में जानलेवा हमला व धमकाने का दर्ज हुआ था। उक्त मामले में जेल से जमानत पर आने के बाद से वह फरार हो गया था, वह न्यायालय से मुकदमों की तारीखों पर भी नहीं जा रहा था। जिस वजह से उसके खिलाफ अस्थाई वारंट भी जारी हुए थे।
राजस्थान में दर्ज हुआ था डकैती का मुकदमा
इनामी अपराधी अजय उर्फ बिल्लू ने जनपद से बाहर भी आपराधिक गतिविधि जारी रखी। वर्ष 2014 में उसके खिलाफ थाना गुमनपुरा जनपद कोटा सिटी राजस्थान में डकैती के दौरान जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ था। सीओ सिटी का कहना है कि गिरफ्तारी के संबंध में राजस्थान पुलिस को भी सूचना दी गई है।