संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सर्दियों के साथ ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया है और इससे ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ने लगा है। हालांकि अभी शहर में कोहरा नहीं दिख रहा है, लेकिन इसका असर रेल यातायात पर दिखाई दे रहा है। इससे कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के बिगड़े शेड्यूल के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है।
ट्रेनों देरी से चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूर से आए यात्रियों को ठंड में प्लेटफार्म पर ही ठिठुरते हुए गाड़ी का इंतजार करना पड़ा। कोहरे के कारण वीरवार को भी यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से गुजरने वाली अधिकांश गाड़ियां देरी से चलीं। इसका सबसे ज्यादा रात की और लंबे रूट की गाड़ियां प्रभावित रहीं।
इस दौरान छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल सुपरफास्ट मेल, गंगा सतलुज एक्सप्रेस, जननायक, चंडीगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लेट रही। यह सभी गाड़ियां देर रात और अलसुबह की हैं। ऐसे में यात्रियों को ठंड में स्टेशन पर ट्रेनों का काफी इंतजार करना पड़ा। इससे सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं व बच्चों बुजुर्ग यात्रियों को झेलनी पड़ी।
इस दौरान बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 18237 अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची। वहीं मुंबई अमृतसर के बीच चलने वाली स्वर्णमंदिर मेल दोनों तरफ लेट रही है। अमृतसर से मुंबई जाने वाली गाड़ी संख्या 12904 करीब पौने दो घंटे और गाड़ी संख्या 12903 मुंबई अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल 25 मिनट देरी से चली। लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या 15011 चंडीगढ़ एक्सप्रेस अपने समय से डेढ़ घंटा लेट रही।
वहीं, लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या 15012 निर्धारित समय से करीब सवा घंटा की देरी से पहुंची। इसी तरह गाड़ी संख्या दरभंगा से चलकर अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 15211 जननायक एक्सप्रेस पौने तीन घंटे की देरी से चली। इसके अलावा गाड़ी संख्या 13006 हावड़ा मेल 20 मिनट, गाड़ी संख्या 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस 20 मिनट, गाड़ी संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 40 मिनट की देरी से चली।
कोहरे के कारण ट्रेनों की समय पर असर पड़ा है। यात्रियों को रेलवे की ओर से सुविधाएं मुहैया कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। - एनके झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक।