मैनपुरी। किशनी विकास खंड की ग्राम पंचायत समान में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम पंचायत ने अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए 21.18 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। कार्यदायी संस्था नामित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ग्राम पंचायत समान में अंत्येष्टि स्थल की जगह पर चारों तरफ से कब्जा हो रहा था। ग्रामीण अंत्येष्टि स्थल पर शव दहन नहीं कर पा रहे थे। मजबूरी में लोगों को अपने खेतों पर शव दहन करने पड़ रहे थे। ग्राम पंचायत ने लोगों की इस समस्या के निदान का निर्णय लिया है। एक तरफ जहां अंत्येष्टि स्थल की जमीन सुरक्षित होगी वहीं गांव के लोगाें को शव दहन के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। ग्राम पंचायत सचिव रविनेश कुमार ने बताया कि अंत्येष्टि स्थल योजना के अंतर्गत समान में अंत्येष्टि स्थल निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 21.18 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही कार्यदायी संस्था नामित करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।