मैनपुरी। जिले के लोगों को जल्द ही बिजली आपूर्ति में आने वाली समस्याओं से निजात मिलेगी। निगम ने जिले में तीन नए विद्युत उपकेंद्र बनाने का निर्णय लिया है। तीन उपकेंद्र स्थापित होने के बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। लो वोल्टेज की समस्या का भी निदान होगा। तीनों उपकेंद्रों के निर्माण में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आने वाली है। एक उपकेंद्र के लिए तो जमीन भी मिल गई है। दो उपकेंद्र के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जिले में 56 उपकेंद्रों के माध्यम से करीब तीन लाख उपभोक्ताओं का बिजली आपूर्ति की जाती है। लगातार आबादी बढ़ने से उपकेंद्र ओवरलोड हो रहे हैं। ओवर लोडिंग के कारण उपभोक्ताओं को विद्युत फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ता है। जिले को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए निगम ने वर्ष 2025-26 में बिजनेस प्लान के तहत शहर के भोजपुरा में उपकेंद्र निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है।
करीब तीन बीघा भूमि पर लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से भोजपुरा उपकेंद्र का निर्माण कराया जाएगा। उपकेंद्र पर 5-5 एमबीए को दो ट्रांसफार्मर स्थापित कराए जाएंगे, इससे शहरी क्षेत्र के करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी और लो वोल्टेज की समस्या का भी समाधान होगा।
पावर हाउस और सिविल लाइन से कम होगा भार
भोजपुरा उपकेंद्र निर्माण के बाद उसमें 5-5 एमबीए के दो परिवर्तक स्थापित कराए जाएंगे। इससे सिविल लाइन और पावर हाउस उपकेंद्र, जो अधिक भार से जूझ रहा है, से पोषित कुछ हिस्सों को भोजपुरा उपकेंद्र से जोड़ा जाएगा। इससे दोनों उपकेंद्रों पर फॉल्ट की समस्या कम होने के साथ-साथ नए उपभोक्ताओं को सुचारू रुप से बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
परौंख और नवीगंज उपकेंद्र निर्माण को मंजूरी का इंतजार
विद्युत वितरण खंड शहरी क्षेत्र के भोजपुरा में नए उपकेंद्र निर्माण को मंजूरी मिल गई है, अगले माह यहां निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के परौंख और नवीगंज उपकेंद्र निर्माण के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी का इंतजार है। बता दें कि परौंख और नवीगंज उपकेंद्र का निर्माण आरडीएसएस योजना के तहत कराया जाएगा।
-
जिले में बिजनेस प्लान के तहत शहरी क्षेत्र के भोजपुरा में और आरडीएसएस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के परौंख और नवीगंज में उपकेंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। बिजनेस प्लान के तहत भोजपुरा उपकेंद्र निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है, अगले महीने यहां निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं, परौंख और नवीगंज उपकेंद्र के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
- रवि प्रताप, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम, मैनपुरी।