महेंद्रगढ़। पुलिस ने लूट और फायरिंग के मामले में अंकित निवासी रुखी सोनीपत को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अंकित पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस गैंग ने अपने अपराधों की शुरुआत 29 जून से की थी, जब इन्होंने राजस्थान के पचेरी खुर्द से एक कार लूटी थी। उसी दिन सतनाली क्षेत्र में पेट्रोल डलवाकर वाहन लेकर फरार हो गए और इसके बाद पानीपत के एक पेट्रोल पंप से चार हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया।
चार जुलाई को आरोपियों ने महेंद्रगढ़ जिले में दो वारदातें गांव बलाहा की टाइल फैक्ट्री में फायरिंग कर लूट का प्रयास और दुलौट अहीर स्थित पेट्रोल पंप पर हथियारों के बल पर लूट को अंजाम दिया था। इसी गैंग ने पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र के नौलथा गांव में किसान फ्यूलिंग स्टेशन पर भी रात करीब 9:43 बजे पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने की वारदात की थी।
मामले में इससे पहले महेंद्रगढ़ पुलिस ने आठ जुलाई को तीन आरोपियों विनीत निवासी पाना लाखिया होली चौक बादली हाल निवासी पचेरी कलां जिला झुंझुनू, कर्मवीर निवासी बलाहा खुर्द नांगलिया नारनौल और एक नाबालिग को करनाल के शामली रोड उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया था। नाबालिग को बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेजा गया था।
जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे और यहीं से उनकी दोस्ती हुई। बाद में इनका संपर्क मुख्य आरोपी अंकित से हुआ, जिसने इन्हें अपने आपराधिक नेटवर्क में शामिल कर लिया। पुलिस ने लूटी गई कार भी बरामद कर ली है, जो सबसे पहले पचेरी खुर्द से लूटी गई थी और बाद की सभी वारदातों में इस्तेमाल की गई थी। पुलिस ने आरोपी विनीत से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और नौ हजार रुपये नकद, जबकि कर्मवीर से एक देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और सात हजार रुपये बरामद किए थे।