-ज्योति नगर स्थित जैन मंदिर के शिखर पर लगे कलश चोरी होने का मामला:
-उत्तर-पूर्वी जिला की नंद नगरी थाना पुलिस ने आरोपी को 25 दिन बाद दबोचा
-13 अक्तूबर को दो स्क्रैप डीलरों को पकड़कर कलश बरामद कर चुकी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर स्थित जैन मंदिर के शिखर पर लगे 40 लाख के कलश चोरी होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पहचान मुन्ना उर्फ सलीम के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक चाकू बरामद किया गया है। उसके खिलाफ नंद नगरी में ऑर्म्स एक्ट का एक अलग मामला दर्ज किया गया है।
कलश चोरी होने के मामले में पुलिस ने 13 अक्तूकर को अनवरी (42) नामक महिला और दानिश (24) नामक युवक को गिरफ्तार कर दो हिस्सों में कलश को बरामद कर लिया था। चोरी के बाद मुन्ना उर्फ सलीम ने दो टुकड़ों में कलश इन दोनों आरोपियों को कबाड़ में बेच दिया था। मुन्ना को नहीं पता था कि कलश सोने के साथ-साथ अष्टधातु का बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 11 अक्तूबर को दुर्गापुरी चौक, ज्योति नगर स्थित जैन मंदिर से पुलिस को एक शिकायत मिली थी। मंदिर समिति के प्रधान नीरज ने बताया था कि किसी ने मंदिर के शिखर पर लगे 40 लाख रुपये के कलश को चोरी कर लिया है। सीसीटीवी की पड़ताल हुई।
जांच के दौरान पता चला कि 10 अक्तूबर को सभी लोग करवाचौथ मनाने में जुटे थे। इसका फायदा उठाकर मुन्ना ने मंदिर की छत पर पहुंचकर शिखर पर लगा कलश चोरी किया। बाद में वह उसे कंधे पर लादकर अपने साथ ले गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी के रूट का पता किया। उसकी पड़ताल करने के बाद टीम ने सुंदर नगरी से अनवरी और बाद में मुस्तफाबाद से दूसरे आरोपी दानिश को दबोच लिया। दोनों के पास से कलश बरामद हो गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने मुन्ना का नाम बताया था। लगातार पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब नंद नगरी थाना पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया है।