सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉर्डन सोसाइटी में प्रर्दशन करते निवासी।
महागुन मॉर्डन सोसाइटी निवासियों ने एओए-बिल्डर के खिलाफ किया प्रदर्शन
नोएडा। सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉर्डन सोसाइटी के करीब 400 निवासियों ने एओए और बिल्डर के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। निवासियों ने पोस्टर और बैनर लेकर विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि एओए ने सोसाइटी में 3 साल से चुनाव नहीं होने दिया। वहीं, कुछ लोगों ने अपने आप को पदाधिकारी घोषित कर मनमानी शुरू कर दी है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। निवासियों ने प्राधिकरण की सीईओ से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एओए और बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सोसाइटी में पैदल मार्च भी निकाला। लोगों ने कहा कि यदि चुनाव नहीं हुए तो निवासी बड़ा प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। सोसाइटी निवासी इंद्राणी मुखर्र्जी ने कहा कि कुछ लोग सोसाइटी की महिलाओं से अभद्रता करते हैं। यदि दोबारा ऐसा हुआ तो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। लोगों का आरोप है कि मौजूदा एओए नागरिकों द्वारा विभिन्न मद में दिए जा रहे शुल्क का दुरुपयोग कर रहे हैं। यदि एओए ने अपनी मनमानी नहीं रोकी तो किसी भी तरह का शुल्क जमा नहीं किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी एओए की ही होगी। निवासियों ने सोशल मीडिया पर भी बिल्डर व एओए के खिलाफ गुस्सा निकाला। निवासियों का कहना है कि उनसे चुनाव का अधिकार छीना जा रहा है। इस संबंध में कई बार मेरठ रजिस्ट्रार दफ्तर में शिकायत की जा चुकी है। वहां से चुनाव कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
बिल्डर करा रहा है विवाद
एओए अध्यक्ष संदीप सिंह चौहान और उपाध्यक्ष रोहित त्यागी ने बताया कि बिल्डर सोसाइटी का हैंडओवर नहीं देना चाहता है। जबकि, एओए के पास हाईकोर्ट का आदेश है। बिल्डर कु छ निवासियों के साथ मिलकर विवाद करा रहा है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन तीन माह के अंदर चुनाव कराने को तैयार है, लेकिन बिल्डर ऐसा नहीं चाहता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही विवाद का निपटारा कर लिया जाएगा।