-अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में बोले- जाम और अतिक्रमण से बढ़ गई है मुश्किलें
-तमाम शिकायतों के बावजूद नहीं हो रहा समस्याओं का समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मौजपुर स्थित मोहनपुरी आरडब्ल्यूए के निवासी लूट और झपटमारी की वारदात से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यही नहीं, इलाके में जाम और अतिक्रमण ने उनका जीना मुहाल कर दिया है। इसके अलावा कॉलोनी में कई वर्षों से गैस की पाइपलाइन नहीं बिछाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। इलाके में पीने का साफ पानी भी नहीं आता है। ऐसे में उन्हें पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन इसके बावजूद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में रविवार को द्वारका नाथ दुबे, लोकेश पांचाल, दिनेश शुक्ला, डीपी तिवारी, सुरेश पंडित, रमेश सोलंकी, दीपक अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, विकास अग्रवाल और अरविंद कुमार ने आरोप लगाया कि इलाके में पुलिस की नियमित रूप से गश्त न होने की वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। देर शाम इलाके से गुजरने पर उन्हें डर लगता है। राह चलते बदमाश कभी भी उनका मोबाइल फोन और महिलाओं से गहने झपट कर भाग जाते हैं। इसके अलावा सड़कों पर ई-रिक्शा चालकों और ऑटो चालकों ने गलियों और फुटपाथ पर रेहड़ी पटरी वालों ने कब्जा कर लिया है, जिसकी वजह से इलाके में जाम लग जाता है। आलम यह है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जाम में फंस जाती हैं।
-
लोगों से बातचीत:
कॉलोनियों में कई वर्षों से गैस की पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी के लोग कई वर्षों से पाइपलाइन बिछाने का इंतजार कर रहे हैं।
दीपक अग्रवाल, अध्यक्ष।
सड़कों से लेकर गलियों तक अतिक्रमण की समस्याएं बनी हुई हैं, जिसकी वजह से जाम लग जाता है। आलम यह है कि लोगों को फुटपाथ पर भी चलने की जगह नहीं मिलती हैं।
सुरेश पंडित, निवासी।
असामाजिक तत्व खुलेआम इलाके में नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। मना करने पर वे नशे की हालत में कॉलोनियों में मारपीट करते हैं। उन पर लगाम कसने वाला कोई नहीं है।
दिनेश शुक्ला, निवासी।
कॉलोनियों में नियमित रूप से पीने का साफ पानी नहीं आता है। सप्ताह में चार दिन बदबूदार और बिलकुल काला आता है, जिसकी वजह से लोगों परेशान होना पड़ता है।
रमेश सोलंकी, निवासी।