तावडू। गांव जौरासी बांध के करीब कंपनी से काम करके लौट रहे व्यक्ति से 2 नकाबपोश बदमाशों द्वारा बाइक और रुपये छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित सोनू पुत्र प्रताप निवासी गांव निजामपुर थाना तावडू ने बताया कि वह मानेसर स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। 14 नवंबर को वह बाइक पर घर आ रहा था। करीब 9:15 बजे जब वह गांव जौरासी बांध के करीब पहुंचा तो दो अज्ञात नकाबपोश बाइक के सामने आ गए। पीड़ित ने जब बाइक धीमी की तो एक बदमाश ने उसकी बाइक का हैंडल खींच लिया। जिसके के कारण वह गिर गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दोनों बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जेब से पर्स निकाल लिया। जिसमें कुछ रुपये और कागजात थे। जिसके बाद आरोपी पीड़ित की बाइक को छीन कर भाग गए। पुलिस ने पीड़ित सोनू के बयान पर बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।