वाहनों के लिए आफत बने लंबे यूटर्न, लग रहा जाम
गलत डिजाइनिंग के कारण हो रहे हादसे, पहले भी लोग उठा चुके सवाल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। वाहनों के लिए बनाए गए यूटर्न ही आफत बन गए हैं। यूटर्न की दीवारें इतनी लंबी बना दी गई हैं कि दूसरे छोर की दो लेन इससे प्रभावित रहती है और जाम लग जाता है। सुबह-शाम इन यूटर्न के कारण परेशानी होती है। वाहनों का दबाव ज्यादा होने की स्थिति में बाटल नेक बन जाता है।
शहर मेंं एक-दो नहीं बल्कि कई सड़कों पर ऐसे यूटर्न बनाए गए हैं, जो जाम का कारण बन चुके हैं। सिर्फ जाम ही नहीं हादसों की वजह भी ये यूटर्न बन गए हैं। विश्वकर्मा रोड पर सेक्टर-94 तक ऐसे ही यूटर्न बने हैं। अधिकांश यूटर्न पर दीवारें कहीं-न कहीं से टूटी हुई हैं। इन पर कई वाहन तेज रफ्तार में टकरा जाते हैं। ओवरटेकिंग के दौरान अधिकांश वाहन हादसों का शिकार होते हैं। यूटर्न की खराब डिजाइनिंग को लेकर पहले भी लोग सवाल उठा चुके हैं फिर भी इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया। इनके आकार बदले जाने से न सिर्फ हादसे कम होंगे बल्कि जाम भी कम लगेगा।
जाम खत्म करने के लिए यूटर्न की दीवारों को तोड़ा भी गया था
यूटर्न की दीवारें दो लेन को प्रभावित कर रही थीं। इनके कारण होशियारपुर से ग्रेनो वेस्ट को जाने वाले रास्ते पर लंबा जाम लगता था। जाम को खत्म करने के लिए यूटर्न की दीवारों को तोड़ा भी गया था। कई और भी ऐसे मार्ग हैं, जहां पर इन्हें तोड़ने की तैयारी की जा रही है। डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि यूटर्न के कारण हादसे भी हो रहे हैं और जाम भी लगता है। इनके आकार को बदलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।